तकनीकी शिक्षा मंत्री डाक्टर राम लाल मार्कंडेय ने जाहलमा नाले में आई बाढ़ क्षेत्र का अधिकारियों के साथ दौरा किया। इस दौरान उन्होंने बताया कि लंबे सूखे के बाद अब लाहुल में भारी बारिश से नदी-नालों में बाढ़ आ रही है और भारी नुकसान हो रहा है। उन्होंने कहा कि जाहलमा नाले में आई बाढ़ से लोगों का भारी नुकसान हुआ है। खड़ी फसलें व खेत बह गए हैं। इसके अलावा बाढ़ के आने से चंद्रभागा नदी का बहाव भी रुक गया है और कभी भी नदी का मुहाना खुल सकता है। लोगों को सतर्क रहने की आवश्यकता है। नदी किनारे कोई भी न जाएं। लोगों का जो भी नुकसान हुआ है उसकी भरपाई सरकार करेगी।
जिला लाहौल स्पीति की लाहौल घाटी में बीती रात के समय जाहलमा नाले में भारी बाढ़ आ गई। जाहलमा नाले में भारी बाढ़ आने के कारण काफी मलबा भी चंद्रभागा नदी में आ पहुंचा। जिस कारण चंद्रभागा नदी का बहाव भी रुक गया है। चंद्रभागा नदी का बहाव रुकने के चलते जोबरग गांव में बड़ी झील बन गई , झील बनने के कारण नदी के किनारे लगते खेत भी पानी की चपेट में आ गए हैं। वहीं स्थानीय लोगों के मन में भी डर बना हुआ है कि अगर नदी का प्रवाह सामान्य नहीं हुआ तो साथ लगते गांव भी डूब सकते हैं। वहीं लाहुल- स्पीति पुलिस ने भी स्थानीय लोगों से आग्रह किया है कि वे नदी नाले किनारों का ना करें।
