जवाहर बाल मंच के राष्ट्रीय अधिवेशन संवाद-23 का शुभारंभ

मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने गुरुवार को जवाहर बाल मंच के पहले राष्ट्रीय अधिवेशन ‘संवाद-23’ का शुभारंभ करते हुए कहा जिस विचारधारा का आज कांग्रेस पार्टी सामना कर रही है, उसका मुकाबला करने के लिए ऐसे ही संगठन की आवश्यकता है।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस के वरिष्ठ नेता राहुल गांधी ने ‘भारत जोड़ो यात्रा’ से प्रेम का संदेश देश के कोने-कोने तक पहुंचाया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि समाज की सोच में बदलाव आ रहा है, इसलिए युवाओं को इतिहास का ज्ञान होना आवश्यक है। विशेष रूप से बच्चों को संविधान की रक्षा तथा लोकतंत्र की मजबूती के लिए कांग्रेस पार्टी के योगदान को युवा पीढ़ी तक पहुंचाया जाना चाहिए।
मुख्यमंत्री ने कहा कि आजादी से पहले और आजादी के बाद आधुनिक भारत के निर्माण में कांग्रेस के नेताओं ने विशेष भूमिका निभाई। उन्होंने कहा कि देश के पहले प्रधानमंत्री पंडित जवाहर लाल नेहरू ने आधुनिक भारत की नींव रखी और भाखड़ा बांध उन्हीं की देन है, जिससे आज पूरे उत्तर भारत को बिजली मिल रही है। उन्होंने कहा कि पंडित नेहरू ने पंचवर्षीय योजनाओं की शुरूआत कर देश के विकास को नई दिशा दी।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री रहते हुए राजीव गांधी ने 18 वर्ष की आयु में युवाओं को वोट देने का अधिकार दिया और भारत में आईटी क्रांति भी वही लेकर आए। पंचायती राज संस्थाओं में महिला आरक्षण भी कांग्रेस के नेतृत्व ने ही दिलाया। उन्होंने कहा कि देश के नवनिर्माण के लिए उठाए गए इन सभी कदमों की जानकारी युवाओं तक पहुंचनी चाहिए।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *