ऊना : जिला मुख्यालय के समीपवर्ती झलेड़ा स्थित कबाड़ के एक गोदाम में मंगलवार सुबह हुए धमाके में एक व्यक्ति की दर्दनाक मौत हो गई। मृतक की पहचान इसी गांव के निवासी 45 वर्षीय राजेंद्र कुमार उर्फ काका के रूप में की गई है। बताया जा रहा है कि मृतक व्यक्ति इस जगह पर पिछले करीब 12 वर्ष से काम कर रहा था। पुलिस ने मामले की जानकारी मिलते ही मौके पर पहुंचकर मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल भेज दिया है। वहीं घटना के संबंध में कबाड़ के इस गोदाम में घटना के दौरान काम कर रहे अन्य लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
बताया जा रहा है कि धमाका इतना जोरदार था कि कारखाने में काम कर रहा राजेंद्र धमाके के साथ उड़कर करीब 15 फीट ऊंची टिन पोश छत से टकराकर नीचे टेबल और पिलर में जा फंसा इस दौरान उसके शरीर के चिथड़े उड़ गए।
ऊना जिला मुख्यालय के साथ सटे झलेड़ा स्थित कबाड़ के एक गोदाम में मंगलवार सुबह रहस्यमई ढंग से ब्लास्ट हो गया। हादसे के दौरान गोदाम में काम कर रहे एक व्यक्ति की इस ब्लास्ट की चपेट में आने के चलते मौके पर ही मौत हो गई। मृतक 45 वर्षीय राजेंद्र कुमार उर्फ काका इसी गांव का निवासी बताया गया है। कबाड़ के इस गोदाम के मालिक अश्विनी कुमार उपमंडल मुख्यालय अंब के कोर्ट में किसी मुकदमे की सुनवाई के लिए गए थे। मृतक पिछले करीब 12 वर्षो से इसी गोदाम में काम कर रहा था। मंगलवार को घटना के दौरान वह स्क्रैप को तोड़ रहा था उसी दौरान एक धमाका हुआ।
एडिशनल एसपी प्रवीण कुमार धीमान ने मामले की पुष्टि करते हुए बताया कि हादसे के कारणों की जांच के लिए फॉरेंसिक टीम की मदद ली जा रही है। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए रीजनल अस्पताल भेजा गया है। आगामी कार्रवाई अमल में लाई जा रही है।
